समय पर जांच सुरक्षित मातृत्व 25 उच्च जोखिम वाली गर्भवतियों की पहचान कर, शुरू हुई विशेष निगरानी !

बुरहानपुर। प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान (PMSMA) के अंतर्गत जिला चिकित्सालय, बुरहानपुर की एएनसी ओपीडी में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी एवं सिविल सर्जन के मार्गदर्शन में विशेष निःशुल्क प्रसवपूर्व स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया।
शिविर में 56 गर्भवती माताओं की विशेषज्ञों द्वारा संपूर्ण स्वास्थ्य जांच की गई। जांच के दौरान 25 गर्भवतियों को उच्च जोखिम (हाई रिस्क प्रेग्नेंसी) के रूप में चिन्हित कर आवश्यक उपचार, विशेष परामर्श एवं नियमित फॉलो-अप हेतु मार्गदर्शन दिया गया। साथ ही वर्षा ऋतु में संक्रमण से बचाव, सुरक्षित गर्भावस्था, प्रसवपूर्व एवं प्रसवोत्तर देखभाल तथा नवजात शिशु की सुरक्षा के संबंध में जानकारी प्रदान की गई।
सीसीपी (CCP), एफसीसी (FCC) एवं पीएमएच (PMH) के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में गर्भवती माताओं एवं परिजनों को सुमन हेल्पलाइन, प्रसव संबंधी सहायता सेवाओं तथा मानसिक एवं भावनात्मक समस्याओं के लिए मनहित ऐप एवं टेली-मानस हेल्पलाइन 14416 की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम में डॉ. पूनम सिंघाल स्त्री रोग विशेषज्ञ, डॉ. मयूरी, डॉ. उन्नति, नर्सिंग ऑफिसर श्रीमती वंदना श्रीवास्तव, श्रीमती सीमा डेविड (PMSMA सलाहकार), कुमारी कविता पवार (मनकक्ष प्रभारी), कुमारी सोनाली कामले, कुमारी विनीता, डाटा एंट्री ऑपरेटर निकिता, रश्मि, कविता, समस्त आशा कार्यकर्ता एवं सहयोगी स्टाफ ने सक्रिय सहभागिता निभाई। बड़ी संख्या में गर्भवती माताएं एवं उनके परिजन उपस्थित रहे।



