बुरहानपुर

*22 अक्टूबर से ताप्ती नदी के सतीयारा घाट बालाजी घाट पर होगा तीन दिवसीय बालाजी मेला का शुभारंभ*

बुरहानपुर :- शहर में बड़े बालाजी महाराज के 15 दिवसीय महोत्सव के अंतर्गत गुरुवार, 22 अक्टूबर से ताप्ती नदी के सतीयारा घाट पर तीन दिवसीय भव्य बालाजी मेले का शुभारंभ होगा। मेले को लेकर तैयारियां की जा रही हैं। इस दौरान श्रद्धालुओं को भगवान बालाजी महाराज के विशेष दर्शन के साथ धार्मिक अनुष्ठानों में शामिल होने का अवसर मिलेगा।

बड़े बालाजी मंदिर के मुख्य पुजारी मोहन बालाजीवाले एवं बड़े बालाजी मंदिर संस्थान के आशीष भगत ने जानकारी देते हुए बताया कि बुधवार, 21 अक्टूबर को भगवान बालाजी महाराज अपने छोटे रथ पर हँस वाहन पर विराजमान होकर भक्तों को दर्शन देने निकलेंगे। रथयात्रा शहर के निर्धारित मुख्य मार्गों पांडुमल चौराहा, गांधी चौक एवं फव्वारा चौक से होते हुए वापस मंदिर पहुंचेगी।

उन्होंने बताया कि गुरुवार, 22 अक्टूबर को शाम 6 बजे भगवान बालाजी महाराज मंदिर से हनुमान जी के कंधे पर विराजमान होकर गुप्तेश्वर मंदिर होते हुए ताप्ती नदी के सतीयारा घाट (बालाजी घाट) पहुंचेंगे। यहां मां ताप्ती के पावन तट पर भक्तों द्वारा भगवान के स्वागत में दीपदान किया जाएगा। दीपों से जगमगाता नदी तट इस धार्मिक आयोजन का विशेष आकर्षण रहेगा।

*21 ब्राह्मणों के मंत्रोच्चार के बीच होगा कुंभाभिषेक*
सतीयारा घाट स्थित बालाजी घाट पर भगवान बालाजी महाराज का विधि-विधान से कुंभाभिषेक किया जाएगा। यह धार्मिक अनुष्ठान 21 ब्राह्मणों के मंत्रोच्चार के बीच संपन्न होगा। कुंभाभिषेक के पश्चात भगवान बालाजी महाराज को ताप्ती नदी में ले जाकर स्नान कराया जाएगा। इस दौरान परंपरानुसार तीन डुबकियां लगाई जाएंगी। श्रद्धालु भी भगवान के साथ ताप्ती नदी में तीन डुबकियां लगाकर पुण्य लाभ प्राप्त करेंगे।

*तीन ओर से होंगे दर्शन परिक्रमा भी कर सकेंगे भक्त*
शाही स्नान के पश्चात भगवान बालाजी महाराज को बालाजी घाट पर तैयार किए जा रहे अस्थायी पंडाल में विराजमान किया जाएगा। पंडाल को इस तरह तैयार किया जा रहा है कि श्रद्धालु तीनों ओर से भगवान के दर्शन कर सकेंगे और उनकी परिक्रमा भी कर पाएंगे। तीन दिवसीय मेले के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।

मुख्य पुजारी मोहन बालाजी वाले एवं बड़े बालाजी मंदिर संस्थान के आशीष भगत ने श्रद्धालुओं से महोत्सव एवं मेले में शामिल होकर भगवान बालाजी महाराज के दर्शन और धार्मिक आयोजनों का लाभ लेने का आग्रह किया।

21 अक्टूबर बुधवार को नगर निगम की ओर से भी तैयारी शुरू हो गई। नगर निगम की ओर से दुकानों के आवंटन के लिए के लिए ले आउट डाला गया है जिसमें दुकानदारों ने भी अपनी दुकानों का स्थान सुनिश्चित किया है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button