*धर्म और आस्था की अनूठी मिसाल सतीयारा घाट पर सजेगा भगवान बालाजी महाराज का दरबार*

बुरहानपुर :- बुरहानपुर की धर्मप्रेमी जनता की लंबे समय से चली आ रही आस्था आखिरकार मूर्त रूप ले चुकी है। नगर के सतीयारा घाट पर ताप्ती तट के विकास और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए एक महत्वपूर्ण धार्मिक एवं जनहित कार्य संपन्न हुआ है। वित्तीय वर्ष 2011-12 में तत्कालीन राज्यसभा सांसद स्व. श्री चंदन मित्रा जी द्वारा अपनी सांसद निधि से सतीयारा घाट के विकास हेतु 10 लाख रुपये की राशि प्रदान की गई थी। इस राशि के सदुपयोग से ताप्ती मैया तक पहुँच मार्ग और भगवान बालाजी महाराज के ओटले का भव्य निर्माण कराया गया है।
यह शहरवासियों के लिए अत्यंत हर्ष का विषय है कि भगवान बालाजी महाराज इस नवनिर्मित ओटले पर विराजमान होने जा रहे हैं। भले ही आज स्व. चंदन मित्रा जी शारीरिक रूप से हमारे बीच नहीं हैं, किंतु धर्म और जनहित के कार्यों में उनके द्वारा दिए गए इस योगदान के लिए बुरहानपुर का हर नागरिक उनका अनंत वंदन और अभिनंदन करता है। इस निर्माण कार्य के पूर्ण होने से ताप्ती तट पर आने वाले श्रद्धालुओं को माँ ताप्ती के दर्शन तथा पूजन-अर्चन में अब बेहद सुविधा होगी।
इस पवित्र कार्य को धरातल पर उतारने में क्षेत्रीय पार्षद श्री भारत इंगले (राजा भाऊ) जी की भूमिका बेहद सराहनीय रही है। इस कार्य को गति देने में सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल क्षेत्रीय विधायक अर्चना चिटनीस महापौर माधुरी अतुल पटेल पूर्व महापौर अतुल पटेल और निगम कमिश्नर संदीप सहित सभी जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों का विशेष सहयोग रहा। समस्त शहरवासियों की ओर से इस धर्म-यज्ञ में प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी महानुभावों का हृदय से आभार व्यक्त किया गया है।



