*खकनार स्वास्थ्य विभाग की पहल ग्राम अंधारवादी में शिविर लगाकर 53 लोगों की हुई एचआईवी और सिफिलिस जांच*

बुरहानपुर :- मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेंद्र कुमार वर्मा के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगातार ग्रामीण अंचलों में स्वास्थ्य जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में बुधवार को बुरहानपुर जिले के खकनार ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले ग्राम अंधारवादी में एक विशेष एचआईवी जांच स्क्रीनिंग शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में कुल 53 ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच की गई।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खकनार के आईसीटीसी परामर्शदाता हरलाल सिसोदिया ने शिविर में उपस्थित ग्रामीणों को एचआईवी और सिफिलिस जैसी गंभीर बीमारियों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि एचआईवी को मात देने के लिए इसके संबंध में सटीक जानकारी होना बेहद आवश्यक है।
परामर्शदाता सिसोदिया ने ग्रामीणों को एचआईवी वायरस के प्रमुख लक्षणों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने सतर्क करते हुए कहा कि यदि किसी व्यक्ति में लगातार दो से तीन महीने तक बुखार रहना, रात में सोते समय अत्यधिक पसीना आना, शरीर का वजन अचानक कम होना, बार-बार दस्त लगना या बार-बार टीबी से संक्रमित होना जैसे लक्षण दिखाई दें, तो उन्हें तुरंत अपने नजदीकी आईसीटीसी केंद्र जाकर निःशुल्क जांच करवानी चाहिए।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आती है, तो घबराने की बिल्कुल आवश्यकता नहीं है। बुरहानपुर स्थित एआरटी केंद्र से मरीजों को पूरी तरह नि:शुल्क दवाइयां उपलब्ध कराई जाती हैं। यदि मरीज नियमित रूप से समय पर दवाइयों का सेवन करें, तो यह वायरस से लड़ने और शरीर की इम्युनिटी (रोग प्रतिरोधक क्षमता) को मजबूत बनाए रखने में मदद करता है। एचआईवी को हराने के लिए मरीज के भीतर सकारात्मकता और दृढ़ इच्छाशक्ति का होना जरूरी है।
शिविर के दौरान कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर (CHO) अनिता चौहान ने उपस्थित लोगों के रूटीन स्वास्थ्य परीक्षण किए, जिसमें हीमोग्लोबिन, ब्लड प्रेशर, शुगर और सिकल सेल की जांच शामिल रही। इस जागरूकता और स्वास्थ्य शिविर को सफल बनाने में आशा कार्यकर्ता चंद्रकला भिलावे, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता गुडी साकले और एमटीएस उपाली मशाने सहित अन्य मैदानी कार्यकर्ताओं ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।




