*बुरहानपुर दीपावली और धनतेरस पर सराफा बाजार की सुरक्षा को लेकर एसपी आशुतोष बागरी ने की बैठक दिए सख्त निर्देश*

बुरहानपुर :- आगामी दीपावली और धनतेरस पर्व के मद्देनजर बुरहानपुर एसपी आशुतोष बागरी ने सराफा एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ पुलिस कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक की। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य त्योहार के दौरान बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ और व्यापारिक गतिविधियों के बीच सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह चाक-चौबंद करना रहा।
बैठक में एसपी ने सभी सराफा व्यापारियों को अपनी दुकानों के अंदर और बाहर उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से चालू रखने के निर्देश दिए। कैमरों का फोकस दुकान के प्रवेश द्वार और आसपास की गतिविधियों पर होना बेहद जरूरी है। इसके अलावा, बाजार में संदिग्ध व्यक्तियों या रेकी करने वालों की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की गई।
नकदी और कीमती आभूषणों के परिवहन में विशेष सावधानी बरतने के निर्देश देते हुए यह भी कहा गया कि यदि व्यापारी देहात क्षेत्रों में व्यापार के लिए जाते हैं, तो वे सूर्यास्त से पहले वहां से निकलें। देहात में व्यापार के दौरान दो या दो से अधिक व्यापारी साथ आना-जाना करें और इसकी सूचना संबंधित थाने को अवश्य दें।
ए एसपी प्रदीप पांडे, सीएसपी विनोद सिंह कुशवाहा और थाना प्रभारी कोतवाली नीता देअरवाल की मौजूदगी में हुई इस बैठक में अग्नि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रखने पर भी जोर दिया गया। साथ ही, यातायात और भीड़ प्रबंधन में पुलिस का सहयोग करने की बात कही गई। बुरहानपुर पुलिस ने सभी नागरिकों और व्यापारियों से पर्व को सुरक्षित और हर्षोल्लास के साथ मनाने की अपील की है।




