बुरहानपुर

*बुरहानपुर जिला अस्पताल में ब्लड की भारी किल्लत रक्तदाताओं से अस्पताल प्रशासन की अपील आगे आएं और रक्तदान कर बचाएं लोगों की जान*

बुरहानपुर :- जिला अस्पताल के ब्लड बैंक में इन दिनों खून का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। स्थिति यह है कि ब्लड का स्टॉक लगभग पूरी तरह समाप्त हो चुका है, जिसके चलते इलाज कराने आ रहे मरीजों और उनके परिजनों को दर-दर भटकना पड़ रहा है। सबसे अधिक परेशानी इमरजेंसी मामलों, सिकल सेल एनीमिया तथा थैलेसीमिया से पीड़ित मासूम बच्चों और प्रसूता महिलाओं को उठानी पड़ रही है।

डॉक्टर वैशाली महाजन ने स्थिति की गंभीरता को रेखांकित करते हुए बताया कि अस्पताल में ए-पॉजिटिव, बी-पॉजिटिव और ओ-पॉजिटिव ग्रुप के ब्लड की भारी कमी बनी हुई है। उन्होंने कहा आपातकालीन स्थिति में मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराना मुश्किल हो रहा है। अस्पताल प्रशासन अपनी ओर से लगातार पूर्व डोनर्स को फोन कर बुला रहा है और विशेष रक्तदान शिविर (कैंप) आयोजित करने के हर संभव प्रयास कर रहा है।

संकट की इस घड़ी में शहर के सजग नागरिक और युवा आगे आकर मिसाल पेश कर रहे हैं। सूचना मिलते ही टेक्समो पाइप फैक्ट्री के कर्मचारी नितिन और अडगांव निवासी शुभम तायडे जैसे कई जागरूक युवा तुरंत जिला अस्पताल पहुंचे और एबी-पॉजिटिव व अन्य जरूरी ग्रुप का ब्लड डोनेट किया। इन युवाओं की तत्परता से कुछ गंभीर मरीजों को समय पर नया जीवन मिल सका।


हालांकि, जरूरत अब भी बहुत अधिक है। जिला अस्पताल प्रशासन तथा समाजसेवियों ने बुरहानपुर की आम जनता, सामाजिक संगठनों और युवाओं से पुरजोर अपील की है कि वे निस्वार्थ भाव से आगे आएं, स्वेच्छा से रक्तदान करें और इस गंभीर मानवीय संकट से निपटने में भागीदार बनें। आपका एक यूनिट रक्तदान किसी परिवार की खुशियां लौटा सकता है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button