*स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन योजना कलेक्टर विवेक कुमार ने समीक्षा बैठक में दिए निर्देश कहा—फील्ड में रहकर मॉनिटरिंग करें अफसर*

बुरहानपुर :- शासन की प्राथमिकता वाली ‘स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन योजना’ को गति देने के लिए प्रशासनिक अमला पूरी तरह सक्रिय हो गया है। शनिवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय के सभाकक्ष में कलेक्टर विवेक कुमार की अध्यक्षता में राजस्व अधिकारियों और पटवारियों की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक के दौरान कलेक्टर ने योजना की प्रगति का सूक्ष्मता से मूल्यांकन किया और स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी अधिकारी-कर्मचारी गंभीरता व उत्तरदायित्व के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
*सुस्ती पर जताई नाराजगी, कार्यशैली में सुधार की चेतावनी*
बैठक के दौरान कलेक्टर विवेक कुमार ने एक-एक कर पटवारियों से वन-टू-वन चर्चा की और उनके क्षेत्रों में जारी कार्यों व प्रगति का ब्योरा लिया। कुछ क्षेत्रों में अपेक्षा के अनुरूप परिणाम न मिलने और धीमी गति पर कलेक्टर ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने दोटूक शब्दों में कहा कि कार्यशैली में तत्काल सुधार लाया जाए और निर्धारित समय-सीमा के भीतर लक्ष्यों को पूरा किया जाए। काम में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
*अभियान के रूप में लें काम व्यवस्थित योजना से हों कार्य*
कलेक्टर ने जोर देकर कहा कि स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन योजना राज्य शासन की सर्वाध प्राथमिकता वाली योजनाओं में शामिल है। इसका क्रियान्वयन केवल औपचारिक न होकर एक वृहद अभियान के रूप में किया जाना चाहिए। उन्होंने राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे एक व्यवस्थित और ठोस कार्य-योजना तैयार करें, ताकि तय मानकों और लक्ष्यों के अनुरूप कार्य को गति दी जा सके।
*फील्ड में रहकर नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश*
राजस्व अधिकारियों को सख्त हिदायत देते हुए कलेक्टर ने कहा कि वे केवल दफ्तरी कामकाज तक सीमित न रहें, बल्कि नियमित रूप से ग्राउंड जीरो (फील्ड) में मौजूद रहकर कार्यों की मॉनिटरिंग करें। प्रगति की लगातार समीक्षा की जाए ताकि जमीनी स्तर पर आने वाली समस्याओं का त्वरित समाधान हो सके।
बैठक में एसडीएम बुरहानपुर, एसडीएम नेपानगर सहित जिलेभर के तमाम राजस्व अधिकारी और पटवारी उपस्थित रहे। बैठक के अंत में राजस्व विभाग से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।



