*बुरहानपुर गंदगी पर स्वच्छता की जीत का लें संकल्प, विजय सुनिश्चित होगी – बिधायक अर्चना चिटनिस*

बुरहानपुर:- विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री अर्चना चिटनिस ने जनप्रतिनिधियों अधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों के साथ बुधवार को बुरहानपुर नगर निगम के कचरा प्रबंधन संयंत्र (एमआरएफ प्लांट) का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कचरे के पृथक्करण, प्रसंस्करण, पुनर्चक्रण एवं निस्तारण की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के बाद विधायक चिटनिस ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘स्वच्छ भारत मिशन’ के संकल्प को साकार करने और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में स्वच्छता प्रयासों को प्रभावी बनाने के लिए जनभागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने त्योहारों का संदर्भ देते हुए कहा जिस प्रकार दशहरा अच्छाई की बुराई पर विजय का प्रतीक है, उसी प्रकार हम सभी मिलकर गंदगी पर स्वच्छता की जीत का संकल्प लें, तो विजय सुनिश्चित होगी। उन्होंने सभी नागरिकों से स्वच्छता को अपनी दैनिक जीवनशैली में शामिल करने का आह्वान किया।
*वैज्ञानिक निस्तारण और कचरा पृथक्करण पर जोर*
विधायक चिटनिस ने संयंत्र में कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने कहा कि घरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से निकलने वाले कचरे को स्रोत पर ही अलग-अलग करना बेहद जरूरी है। गीला, सूखा, घरेलू सैनिटरी और हानिकारक कचरा अलग रखने से उसके पुनर्चक्रण में आसानी होती है तथा पर्यावरण संरक्षण को बल मिलता है।
*प्रतिदिन 55 से 56 टन कचरे का प्रबंधन*
बुरहानपुर में प्रतिदिन लगभग 55 से 56 टन कचरा उत्पन्न होता है। वर्तमान में सूखे कचरे के पृथक्करण के लिए 50 टन क्षमता की ट्रॉमल मशीन कार्यरत है, जबकि गीले कचरे से जैविक खाद तैयार करने में 45 से 55 दिन लगते हैं। संयंत्र की क्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से जल्द ही 70 टन प्रतिदिन क्षमता की नई सॉर्टिंग मशीन एवं कन्वेयर बेल्ट लगाने की योजना है।
विधायक चिटनिस ने अपील की कि नागरिक कचरा संग्रहण वाहनों में अलग-अलग कचरा सौंपें और सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी न फैलाए अवलोकन के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मनोज माने, नगर निगमाध्यक्ष अनिता अमर यादव, संभाजीराव सगरे, आशीष शुक्ला, हेमंत महाजन, फहीम हाशमी, विनोद पाटिल, गौरव शिवहरे, जफर भाई फ्रूटवाले, एजाज अशरफी, इनाम अंसारी, मोहम्मद रफीक सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।




