*मैक्रो विज़न एकेडमी में धूमधाम से मना विजयादशमी पर्व, रावण दहन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन*

बुरहानपुर :- शिक्षा जगत की प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान मैक्रो विज़न एकेडमी में विजयादशमी का पावन पर्व अत्यंत हर्षोल्लास, गरिमा और उमंग के साथ मनाया गया। संस्था के संस्थापक एवं चेयरमैन आनंद प्रकाश चौकसे के कुशल मार्गदर्शन व नेतृत्व में आयोजित इस भव्य उत्सव का साक्षी विद्यालय का ‘अनहद आनंद ऑडिटोरियम’ बना।
कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। समारोह को संबोधित करते हुए चेयरमैन आनंद प्रकाश चौकसे ने कहा, “दशहरा केवल बाहर पुतलों को जलाने का पर्व नहीं है, बल्कि अपने भीतर छिपे क्रोध, ईर्ष्या और अहंकार जैसे विकारों का दहन करने का संकल्प है।” उन्होंने विद्यार्थियों को सत्य, निष्ठा और विनम्रता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। विद्यालय के प्राचार्य जसवीर सिंह परमार ने भी छात्रों को सदा सत्य और अच्छाई के मार्ग पर अडिग रहने का संदेश दिया।

उत्सव के दौरान संस्कृति, आधुनिकता और अध्यात्म का अनूठा संगम देखने को मिला। आर्केस्ट्रा टीम तथा कलाकारों रोनी सर, चिन्मय सर, रंजीत सर व टीम, ऋषि सर, आकाश सर ने मनमोहक प्रस्तुतियाँ दीं। अहंकार पर आधारित विशेष नृत्य प्रस्तुति के माध्यम से कलाकारों ने संदेश दिया कि सच्ची महानता केवल विनम्रता में ही निहित है।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के पश्चात उत्सव का मुख्य आकर्षण रावण दहन रहा। विज़न विस्ता के सामने स्थित विशाल खेल मैदान में जोश क्लब और डिवाइन विंग के मध्य भगवान श्रीराम द्वारा रावण वध का प्रतीकात्मक मंचन कर रावण के विशाल पुतले का दहन किया गया। असत्य पर सत्य की विजय के जयघोष से समूचा परिसर गूंज उठा।
कार्यक्रम में ऑल इज़ वेल मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल के डायरेक्टर कबीर चौकसे, देवांशी चौकसे, एकेडमिक सचिव मंजूषा चौकसे तथा एकेडमिक डायरेक्टर अंतरा चौकसे विशेष रूप से उपस्थित रहीं। संपूर्ण प्रबंधन समिति, समस्त शिक्षकगण और बड़ी संख्या में आवासीय विद्यार्थियों की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया।




