*बुरहानपुर पुलिस लाइन में पुलिस स्मृति दिवस आयोजित अमर शहीदों के बलिदान को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि*

*विधायक अर्चना चिटनिस व कलेक्टर हर्ष सिंह रहे मौजूद*
बुरहानपुर सोहेल अहमद :- कर्तव्य पथ पर अपने प्राण न्योछावर करने वाले देश के वीर जवानों की स्मृति में शनिवार को रेणुका पुलिस लाइन बुरहानपुर में पुलिस स्मृति दिवस’ का गरिमामय आयोजन किया गया। इस अवसर पर पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने अमर शहीदों के अभूतपूर्व योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम की शुरुआत में समाज के सजग प्रहरी और सुरक्षा कवच बने शहीद पुलिसकर्मियों को सम्मान देते हुए पुलिस बल द्वारा सलामी दी गई। इसके बाद एसपी आशुतोष बागरी ने बीते एक वर्ष के दौरान देश में अपने कर्तव्यों का पालन करते हुए शहीद हुए वीर पुलिसकर्मियों के नामों का वाचन किया। उनके नाम वाचन के दौरान पूरा माहौल देशप्रेम और वीर जवानों के प्रति सम्मान की भावना से ओत-प्रोत हो उठा।

तत्पश्चात, रेणुका पुलिस लाइन स्थित शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र एवं पुष्पमालाएं अर्पित कर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम में मुख्य रूप से विधायक एवं पूर्व मंत्री अर्चना चिटनिस, बुरहानपुर कलेक्टर हर्ष सिंह सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने शिरकत की। पुलिस विभाग की ओर से ए एसपी प्रदीप शेण्डे,सीएसपी विनोद सिंह कुशवाह एवं जिले के समस्त थानों के प्रभारी अधिकारी और कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में अनुशासित परेड़ का आयोजन किया गया, जिसका कुशल नेतृत्व सूबेदार दीपाली यादव एवं सूबेदार रीना सोलंकी ने किया। समूचे कार्यक्रम का मंच संचालन संजय गुप्ता द्वारा संपन्न कराया गया।
*21 अक्टूबर को क्यों मनाया जाता है पुलिस स्मृति दिवस?*
उल्लेखनीय है कि प्रतिवर्ष 21 अक्टूबर को देशभर में पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है। इसका एक ऐतिहासिक महत्व है। वर्ष 1959 में आज ही के दिन 21 अक्टूबर लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स क्षेत्र में चीन की सेना के साथ अग्रिम सीमा की रक्षा करते हुए ‘केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल’ (CRPF) के 10 जांबाज जवानों ने अपने प्राणों की आहुति दी थी। उन्हीं वीरों के सर्वोच्च बलिदान और देश सेवा में शहीद हुए तमाम पुलिसकर्मियों के सम्मान में हर साल यह दिवस राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित किया जाता है।




