*दौलतपुरा की आंगनवाड़ी में निःशुल्क यूनानी चिकित्सा शिविर आयोजित 78 मरीजों ने लिया लाभ*

बुरहानपुर :- जिला आयुष अधिकारी डॉ. कविता गड़वाल के मार्गदर्शन में शासकीय यूनानी औषधालय आलमगंज द्वारा दौलतपुरा स्थित आंगनवाड़ी क्रमांक-3 में एक दिवसीय निःशुल्क यूनानी चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में पहुंचे स्थानीय नागरिकों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
शिविर के दौरान यूनानी मेडिकल ऑफिसर डॉ. मिर्ज़ा रेहान बेग ने कुल 78 रोगियों का विस्तृत स्वास्थ्य परीक्षण किया। इस दौरान बुखार, सर्दी-जुकाम, खांसी, वात रोग, पेट संबंधी (उदर) बीमारियों और चर्म रोग से पीड़ित मरीजों की जांच की गई। डॉ. बेग ने सभी मरीजों को बीमारी के अनुसार उचित चिकित्सकीय परामर्श देने के साथ-साथ मौसमी बीमारियों से बचाव के तरीके भी बताए।
*जन स्वास्थ्य कार्यक्रमों की दी गई जानकारी*
स्वास्थ्य परीक्षण के साथ-साथ शिविर में सरकार द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न जन स्वास्थ्य कार्यक्रमों जैसे वायोमित्र, सुप्रजा एवं आयुर्विद्या के संबंध में भी ग्रामीणों को जानकारी दी गई। आमवात (गठिया) और संधिवात से पीड़ित मरीजों के लिए विशेष परामर्श सत्र रखा गया, जिसमें उन्हें खान-पान और जीवनशैली में सुधार की सलाह दी गई। औषधालय की शाहीन बानो द्वारा सभी जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क दवाओं का वितरण किया गया।
**पर्यावरण संरक्षण की दिलाई गई शपथ*
स्वास्थ्य सेवाओं के अलावा शिविर में सामाजिक और पर्यावरणीय जिम्मेदारी पर भी विशेष ध्यान दिया गया। ‘सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त अभियान’ के तहत शिविर में उपस्थित सभी नागरिकों को प्लास्टिक का उपयोग न करने की शपथ दिलाई गई।
चिकित्सकों ने नागरिकों को समझाते हुए कहा कि स्वस्थ रहने के लिए स्वच्छ पर्यावरण अत्यंत आवश्यक है, इसलिए हमें पॉलीथिन और सिंगल यूज प्लास्टिक का त्याग करना चाहिए। इस सफल आयोजन का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को घर-पहुंच बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना रहा।



