*बुरहानपुर में 22 नवंबर को होगा मुस्लिम तेली समाज का पहला इज्तेमाई शादी सम्मेलन*

बुरहानपुर :- मुस्लिम तेली समाज में बढ़ती शादी-ब्याह की फिजूलखर्ची को रोकने, मुस्लिम तेली समाज के गरीब एवं मध्यमवर्गीय परिवारों को आर्थिक बोझ से राहत दिलाने और आपसी भाईचारे व एकजुटता को मजबूत करने के उद्देश्य से मुस्लिम तेली जमात बुरहानपुर द्वारा आगामी 22 नवंबर 2026, बरोज़ इतवार को शहर में पहली बार इज्तेमाई शादी सामूहिक निकाह सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। इस ऐतिहासिक पहल को लेकर समाज में उत्साह का माहौल है। सम्मेलन को सफल बनाने के लिए कमेटी द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां और प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।
*शादी में दिखावा नहीं, सादगी और बरकत को मिले बढ़ावा*
आम आदमी पार्टी के प्रदेश सचिव रियाज़ फारुक खोकर ने कहा कि आज के दौर में शादियों में बढ़ती फिजूलखर्ची के कारण कई गरीब और मध्यमवर्गीय परिवार आर्थिक दबाव का सामना करते हैं। समाज में शादी-ब्याह को प्रतिष्ठा और दिखावे से जोड़ने के बजाय सादगी, आपसी सहयोग और इंसानियत को प्राथमिकता देने की जरूरत है।
उन्होंने कहा इज्तेमाई शादी सम्मेलन केवल सामूहिक निकाह का आयोजन नहीं, बल्कि समाज में एक नई सोच और सकारात्मक बदलाव की शुरुआत है। हमारा उद्देश्य है कि कोई भी परिवार शादी के खर्च के बोझ तले दबकर परेशान न हो। समाज के लोग एक मंच पर आएं, एक-दूसरे का सहारा बनें और सादगी के साथ निकाह को बढ़ावा दें। जब समाज मिलकर किसी नेक काम की शुरुआत करता है, तो उसका फायदा आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचता है।
*एक मंच पर आएगा समाज, मजबूत होगा भाईचारा*
मुस्लिम तेली जमात बुरहानपुर की इस पहल के माध्यम से समाज के विभिन्न परिवारों को एक मंच पर लाने और आपसी तालमेल को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है। सम्मेलन में बुरहानपुर सहित देश के विभिन्न हिस्सों से तेली बिरादरी के समाजजनों के शामिल होने की उम्मीद है। आयोजन का उद्देश्य सामाजिक एकता को बढ़ावा देने के साथ-साथ जरूरतमंद परिवारों को सम्मानजनक तरीके से विवाह संपन्न कराने में सहयोग देना है।
*नवविवाहित जोड़ों को दिए जाएंगे गृहस्थी के उपहार*
सम्मेलन की विशेषताओं में निकाह के बाद नवविवाहित जोड़ों को गृहस्थ जीवन की शुरुआत के लिए आवश्यक घरेलू उपहार भेंट करना भी शामिल है। कमेटी एवं समाजसेवियों के सहयोग से इस पहल को यादगार बनाने की तैयारी की जा रही है, ताकि नवदंपतियों को नई जिंदगी की शुरुआत में सहयोग मिल सके।
*निकाह के लिए पंजीयन अंतिम चरण में, दस्तावेज जमा करना अनिवार्य*
सम्मेलन में निकाह के इच्छुक जोड़ों के पंजीयन की प्रक्रिया शुरू कर दी थी जो अब अंतिम चरण में है। कमेटी द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार दूल्हा-दुल्हन के आधार कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र और शैक्षणिक अंकसूची सहित आवश्यक दस्तावेज जमा करना अनिवार्य होगा। इसका उद्देश्य आयु एवं अन्य आवश्यक पात्रता संबंधी नियमों का पालन सुनिश्चित करना है।
*समाजजनों से अधिक से अधिक पंजीयन कराने की अपील*
इज्तेमाई शादी सम्मेलन कमेटी एवं समाज के प्रबुद्धजनों ने सभी समाजजनों से अपील की है कि वे इस नेक पहल में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और अपने परिवारों तथा परिचितों में निकाह के इच्छुक योग्य जोड़ों का पंजीयन करवाएं। समाज के जिम्मेदार लोग भी इस अभियान में सहयोग करें, ताकि अधिक से अधिक परिवार इस पहल का लाभ उठा सकें।
कमेटी का संदेश स्पष्ट है—शादी को खर्च और दिखावे का नहीं, बल्कि सादगी, मोहब्बत, दुआ और बरकत का जरिया बनाया जाए।
मुस्लिम तेली जमात बुरहानपुर का यह प्रयास समाज में नई मिसाल कायम करने और आने वाली पीढ़ियों को फिजूलखर्ची से दूर रखकर सादगीपूर्ण विवाह की ओर प्रेरित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।



