*नवरात्रि विसर्जन व अस्पताल में विवाद करने वाले 2 आरोपी गिरफ्तार, खकनार पुलिस की प्रतिबंधात्मक कार्रवाई*

बुरहानपुर :- क्षेत्र में शांति व्यवस्था भंग करने और असामाजिक गतिविधियों में लिप्त लोगों के खिलाफ बुरहानपुर पुलिस द्वारा सख्त रुख अपनाया जा रहा है। इसी कड़ी में थाना खकनार पुलिस ने नवरात्रि मूर्ति विसर्जन के दौरान तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) खकनार में विवाद पैदा करने वाले दो युवकों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया है।
एसपी आशुतोष बागरी के निर्देशन ए एसपी प्रदीप शेण्डे, एसडीओपी नेपानगर वैभव प्रिय एवं उप पुलिस अधीक्षक जयराज सोलंकी के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 21 अक्टूबर को नवरात्रि मूर्ति विसर्जन के दौरान खकनार निवासी अभय दीक्षित (24) और नीलेश भिलावेकर (23) द्वारा विवाद की स्थिति निर्मित की गई थी। इसके अलावा आरोपी नीलेश भिलावेकर ने शासकीय अस्पताल (सीएचसी) खकनार में भी जाकर वाद-विवाद किया और माहौल खराब करने का प्रयास किया।
पुलिस टीम द्वारा दोनों अनावेदकों को काफी समझाया गया, लेकिन शांति व्यवस्था भंग करने की आशंका और किसी संज्ञेय अपराध को घटने से रोकने के लिए पुलिस ने तुरंत कदम उठाया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए खकनार पुलिस ने अभय दीक्षित के विरुद्ध अपराध क्रमांक 488/2026 तथा 489/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296(B), 115(2) एवं 351(3) में मामला दर्ज किया। इसके पश्चात दोनों अनावेदकों—अभय पिता अजय सिंह दीक्षित एवं नीलेश पिता कमाल सिंह भिलावेकर—के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं में कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर कार्यपालिक दंडाधिकारी (तहसीलदार) खकनार के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों व सार्वजनिक स्थलों पर शांति भंग करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कठोर कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।



