बजट में बुरहानपुर को बड़ी विकास सौगातें, अर्चना चिटनिस ने जताया आभार

बुरहानपुर। बुधवार को मध्यप्रदेश विधानसभा में वित्त मंत्री एवं उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा द्वारा राज्य का वार्षिक बजट प्रस्तुत किया गया। इस बजट में बुरहानपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए सड़कों, शासकीय विश्रामगृह, सांस्कृतिक एवं पर्यावरणीय विकास को बढ़ावा देने के लिए बजट में सांस्कृतिक वन परियोजना के अंतर्गत “सरदार पटेल अखंड भारत सांस्कृतिक वन” के निर्माण सहित कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों की घोषणा की गई है, जिससे क्षेत्र में विकास को नई गति मिलेगी। बजट घोषणाओं पर विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस (दीदी) सहित क्षेत्र की जनता ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा के प्रति आभार व्यक्त किया है।
*शाहपुर और ईच्छापुर में बनेगा विश्रामगृह*
श्रीमती अर्चना चिटनिस ने विशेष आग्रह पर बजट में बुरहानपुर विधानसभा क्षेत्र में प्रशासनिक सुविधाओं के विस्तार के साथ-साथ सड़क अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं। ग्राम ईच्छापुर एवं शाहपुर नगर में शासकीय विश्रामगृह के निर्माण हेतु 3 करोड़ रुपए की सौगात दी गई है, जिससे जनप्रतिनिधियों एवं अतिथियों के लिए सुविधाजनक आवास एवं व्यवस्थाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
*बुरहानपुर विधानसभा अंतर्गत अनेक सड़कों की मिली सौगात*
सड़क नेटवर्क को सुदृढ़ करने के लिए बजट में विभिन्न महत्वपूर्ण मार्गों के निर्माण एवं उन्नयन के लिए करोड़ों रुपए का प्रावधान किया गया है। खामनी से रायगांव तक 5 किलोमीटर लंबे मार्ग के लिए 4.76 करोड़ रुपए, लालबाग से शहादरा तक 4 किलोमीटर लंबे मार्ग के लिए 8.50 करोड़ रुपए, सिंधीबस्ती-मोहम्मदपुरा फोरलेन से श्री रेणुका माता मंदिर तक 2.50 किलोमीटर मार्ग के लिए 7.70 करोड़ रुपए, ग्राम भोटा से ग्राम वारोली तक 2 किलोमीटर मार्ग के लिए 2.30 करोड़ रुपए, महाराष्ट्र को जोड़ने वाले मोहद से जामठी-कुरा-ककोड़ा तक 12 किलोमीटर मार्ग के लिए 5.13 करोड़ रुपए तथा दर्यापुर, जसौंदी एवं कारोली क्षेत्र में 14.30 किलोमीटर मार्ग के निर्माण हेतु 8.52 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। श्रीमती अर्चना चिटनिस ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव द्वारा बुरहानपुर प्रवास के दौरान की गई घोषणा की सड़कों को आगामी अनुपूरक बजट में सम्मिलित करने हेतु मुख्यमंत्री जी ने आश्वस्त किया हैं।
*“सरदार पटेल अखंड भारत सांस्कृतिक वन” की सौगात*
विधायक श्रीमती अर्चना चिटनिस के विशेष आग्रह पर सांस्कृतिक एवं पर्यावरणीय विकास को बढ़ावा देने के लिए बजट में सांस्कृतिक वन परियोजना अंतर्गत “सरदार पटेल अखंड भारत सांस्कृतिक वन” के निर्माण हेतु 7.14 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है, जिससे पर्यटन, हरित क्षेत्र विस्तार और सांस्कृतिक पहचान को मजबूती मिलेगी। साथ ही हरित क्षेत्र का विस्तार होगा और नागरिकों को स्वच्छ व प्राकृतिक वातावरण उपलब्ध होगा।
बजट पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए विधायक श्रीमती अर्चना चिटनिस ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रस्तुत यह बजट बुरहानपुर के विकास के लिए ऐतिहासिक और दूरदर्शी है। उन्होंने कहा कि सड़क, अधोसंरचना, प्रशासनिक सुविधाओं और पर्यावरणीय परियोजनाओं के लिए किए गए प्रावधानों से क्षेत्र में विकास की रफ्तार तेज होगी और नागरिकों को आधुनिक सुविधाएं प्राप्त होंगी। उन्होंने मुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार बुनियादी ढांचे के विकास, ग्रामीण क्षेत्रों के उत्थान और नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है।
बजट घोषणाओं के बाद बुरहानपुर विधानसभा क्षेत्र में जनप्रतिनिधियों, भाजपा कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों में उत्साह का माहौल देखा गया। लोगों ने विश्वास जताया कि इन विकास कार्यों से क्षेत्र की आधारभूत संरचना मजबूत होगी, रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और बुरहानपुर को एक आधुनिक, पर्यावरणीय एवं सुविधा संपन्न विधानसभा क्षेत्र के रूप में विकसित किया जाएगा।
दिनांक:- 18 फरवरी 2026
01



