मध्यप्रदेश

3 करोड़ की लागत से दापोरा माँ वाघेश्वरी मंदिर,धामनगांव मार्ग निर्माण कार्य प्रारंभ, अर्चना चिटनिस ने किया स्थल निरीक्षण

बुरहानपुर। बुरहानपुर विधानसभा क्षेत्र में आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ करने, ग्रामीण संपर्क को मजबूत बनाने तथा क्षेत्रीय विकास को नई दिशा देने के उद्देश्य से विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस (दीदी) के सतत और प्रभावी प्रयासों से ग्राम दापोरा से माँ वाघेश्वरी मंदिर होते हुए ग्राम धामनगांव तक 3 किलोमीटर लंबी महत्वपूर्ण ग्रामीण सड़क के निर्माण कार्य का विधिवत प्रारंभ कर दिया गया है।

इस सड़क का निर्माण लगभग 3 करोड़ रुपए की लागत से लोक निर्माण विभाग द्वारा किया जा रहा है।निर्माण कार्य प्रारंभ होने पर विधायक चिटनिस ने स्वयं स्थल पर पहुँचकर कार्य का निरीक्षण किया और अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी को कार्य की गुणवत्ता, मजबूती और समय-सीमा के कड़ाई से पालन के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़कें केवल आवागमन का माध्यम नहीं, बल्कि ग्रामीण विकास, कृषि उन्नति और आर्थिक प्रगति की जीवनरेखा होती हैं।

धार्मिक, सामाजिक और आर्थिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण मार्ग*यह मार्ग धार्मिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि इससे विख्यात माँ वाघेश्वरी मंदिर तक श्रद्धालुओं की सुगम और सुरक्षित पहुँच सुनिश्चित होगी। सड़क निर्माण से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार और व्यापार के नए अवसर सृजित होंगे। साथ ही इस मार्ग के विकसित होने से दापोरा, धामनगांव सहित आसपास के आधा दर्जन से अधिक ग्रामों को सीधा लाभ मिलेगा। ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा संस्थानों और जिला मुख्यालय तक पहुँचने में सुगमता प्राप्त होगी।

किसानों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिलेगा बड़ा लाभ

सड़क निर्माण से किसानों को अपने कृषि उत्पादों को मंडी, मुख्य मार्ग एवं जिला मुख्यालय तक पहुँचाने में सुविधा होगी। इससे परिवहन लागत में कमी आएगी, समय की बचत होगी और किसानों की आय में वृद्धि होगी। ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियाँ तेज होंगी और समग्र विकास को गति मिलेगी।विधायक श्रीमती अर्चना चिटनिस ने कहा कि ग्रामीण संपर्क मार्गों का सुदृढ़ीकरण उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने के लिए मजबूत आधारभूत संरचना आवश्यक है और इसी दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक ग्राम तक बेहतर सड़क, सिंचाई, जल प्रदाय और अन्य बुनियादी सुविधाएँ उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।श्रीमती चिटनिस ने इस महत्वपूर्ण सड़क परियोजना की स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार के सहयोग से बुरहानपुर विधानसभा क्षेत्र में विकास के नए आयाम स्थापित हो रहे हैं।निरीक्षण के दौरान श्रीमती चिटनिस जनपद पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि प्रदीप पाटिल, शाहपुर नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि वीरेन्द्र तिवारी, अशोक पाटिल, जनपद पंचायत सदस्य फिरोज तड़वी, रवि जैन, आकाश राखोंडे, श्रीराम पाटिल, राजू पाटिल, स्वप्निल पाटिल, उमेश महर्षि, मयूर पाटिल, संदीप पाटिल, राजेश पाटील, अमोल प्रकाश पाटील, अर्चना महाजन, संतोष महाजन, युवराज पाटिल, रामदास चौधरी, नितिन पाटील, भागवत पाटिल, शिवराम वामन, बाड़ू गावंडे, विट्ठल गावंडे, निखिलेश चौधरी, राजाराम पाटील, अमोल चौधरी, संजय चौधरी एवं राहुल महाजन सहित जनप्रतिनिधि, कृषक व ग्रामीण उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button