*बुरहानपुर ताप्ती को प्रदूषण मुक्त बनाने की कवायद अमृत 2.0 के तहत सीवरेज कार्यों की महापौर ने लीं समीक्षा*

बुरहानपुर:- शहर को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के नए आयाम पर ले जाने वाली ‘अमृत 2.0 योजना’ के तहत चल रहे सीवरेज नेटवर्क कार्यों की प्रगति जानने के लिए महापौर श्रीमती माधुरी अतुल पटेल की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर के अलग-अलग जोनों में बिछाई जा रही सीवर लाइनों की वर्तमान स्थिति, निर्माण की गति और भविष्य की कार्ययोजना का विस्तृत ब्योरा अधिकारियों से लिया गया।
*क्षेत्रवार प्रगति का ब्योरा*
समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों ने बताया कि शहर के डिस्ट्रिक्ट ‘ए’ लालबाग क्षेत्र में अब तक लगभग 7 से 8 किलोमीटर लंबी सीवर लाइन बिछाने का कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। वहीं, ताप्ती नदी के तटबंधों से लगे डिस्ट्रिक्ट ‘सी’ जिसमें नागझिरी घाट, राजघाट, सतियारा घाट और खातू घाट जैसे प्रमुख क्षेत्र शामिल हैं में करीब 2 किलोमीटर सीवर लाइन डालने का काम पूर्ण हो चुका है।
*नागरिक सुविधा और सुरक्षा सर्वोपरि*
महापौर पटेल ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि निर्माण कार्य के दौरान आम जनता की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा जिन स्थानों पर सड़क की खुदाई की जा रही है, वहां सुरक्षा के लिहाज से आवश्यक रूप से बेरिकेडिंग की जाए एक क्षेत्र में खुदाई कर सीवर लाइन बिछाने, गड्ढों को पूरी तरह भरने और सड़क को आवागमन योग्य बनाने के बाद ही अगले हिस्से में काम शुरू किया जाए। सड़कों का निर्माण और लाइन बिछाने का समन्वय ऐसा हो कि भविष्य में एक ही मार्ग को बार-बार खोदने की नौबत न आए।
*ताप्ती नदी को गंदे पानी से बचाने की योजना*
महापौर ने रेखांकित किया कि अमृत 2.0 योजना बुरहानपुर की स्वच्छता और ताप्ती नदी के अस्तित्व को बचाने के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। इस प्रोजेक्ट के माध्यम से शहर के घरों से निकलने वाले दूषित पानी को सीधे ताप्ती नदी में गिरने से रोका जाएगा। सीवर नेटवर्क के जरिए इस गंदे पानी को इंटरमीडिएट पम्पिंग स्टेशन के माध्यम से सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) तक भेजा जाएगा, जहां इसे उपचारित किया जाएगा।
*अधिकारियों की मौजूदगी*
महापौर ने स्पष्ट किया कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित गुणवत्ता और मानकों के अनुरूप हों। बैठक में पूर्व महापौर अतुल पटेल, कार्यपालन यंत्री प्रेम कुमार साहू, सहायक यंत्री अशोक पाटिल, गोपाल महाजन, उपयंत्री सौरभ वर्मा, विक्रांत बरकुवर, नितिन वर्मा और प्रोजेक्ट इंचार्ज दिलीप कुमार, अजय कुमार, उमेश कुमार सहित निगम व प्रोजेक्ट टीम के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।



