पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधे रोपित किये
बुरहानपुर/20 जुलाई, 2024/-म.प्र. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार पंच-ज अभियान अंतर्गत प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष श्रीमती आशिता श्रीवास्तव के निर्देशन एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव श्री इन्दु कान्त तिवारी के मार्गदर्शन में ऑडिटोरियम नेपानगर में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर को संबोधित करते हुए प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्रीमती श्रीवास्तव ने बच्चों एवं उपस्थितजनों को विधि ज्ञान के साथ-साथ नैतिक शिक्षा की जानकारी दी। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण हेतु अधिक से अधिक पौधारोपण किये जाने एवं पेड़-पौधो को संरक्षित करने हेतु प्रेरित भी किया। सचिव श्री तिवारी ने बच्चों से मैत्रीपूर्ण संबंध, पीड़ित प्रतिकर योजना के संबंध में उपस्थित जनसमुदाय को आवश्यक जानकारी प्रदान की। शिविर में प्रथम अपर जिला न्यायाधीश श्री शर्मा द्वारा पॉक्सो एक्ट के संबंध में जानकारी दी गई। वहीं नेपानगर क्षेत्र एवं ग्राम निम्ना में पंच-ज अभियान के तहत तारफेंसिंग से घिरे सुरक्षित स्थानों पर फलदार पौधे जैसे-आम, अमरूद, आँवला, ईमली एवं अन्य शीशम, सागौन, नीम, करंज आदि पौधों का रोपण किया गया।
जागरूकता शिविर में प्रथम जिला न्यायाधीश श्री सूर्य प्रकाश शर्मा, न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री अजय कुमार यदु, न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री गुरूवेन्द्र कुमार हुरमाड़े, जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री जयदेव माणिक, केन्द्रीय विद्यालय नेपानगर के प्राचार्य श्री ओमलाल ब्रह्मचारी, महिला एवं बाल विकास विभाग सी.डी.पी.ओ. श्री अजय मिश्रा, पैरालीगल वॉलेन्टियर्स श्री एल.एल. लौवंशी, बड़ी संख्या में विद्यालय के छात्र-छात्राएं एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
BREAKING NEWS